नई दिल्ली, 25 जून :रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में भारतीय रेलवे को माल ढुलाई का सबसे लोकप्रिय माध्यम बनाने के लिए किए जा रहे सुधारों पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि सीमेंट और नमक जैसी वस्तुओं के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए नए मालवाहक डिब्बों की सफलता ने यह साबित किया है कि उद्योगों की जरूरतों के अनुसार डिब्बों का डिजाइन तैयार करना बेहद महत्वपूर्ण है।
इन विशेष डिब्बों से माल की लोडिंग, अनलोडिंग और परिवहन प्रक्रिया अधिक आसान और प्रभावी हुई है, जिससे रेलवे के जरिए माल ढुलाई को बढ़ावा मिला है।
श्री वैष्णव ने कहा कि डिजाइन मंजूरी और प्रोटोटाइप विकास के लिए कड़े मानकों को अपनाने से देश में उच्च गुणवत्ता वाले मालवाहक डिब्बों का निर्माण सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि इससे नए डिजाइन और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा तथा भारतीय रेलवे की माल ढुलाई व्यवस्था और मजबूत होगी।
रेलवे की प्रस्तावित वैगन डिजाइन नीति को आधुनिक, ग्राहक-केंद्रित और नवाचार आधारित माल परिवहन प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है। यह नीति आर्थिक विकास को गति देने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में सहायक होगी।
