कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लखनऊ में क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित करने की घोषणा की

नई दिल्ली, 25 जून : केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज उत्तर प्रदेश में बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ में एक क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित करने की घोषणा की।

इस केंद्र के माध्यम से किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले और रोग मुक्त पौधों की सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बागवानी खेती का विस्तार होगा और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

लखनऊ के योजना भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य की कृषि योजनाओं, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन तथा ग्रामीण विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर श्री चौहान ने चना, मसूर और सरसों की सरकारी खरीद अवधि बढ़ाने को मंजूरी दी और इसका स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा।

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अगले चरण के लिए 6 लाख 18 हजार 482 पात्र लाभार्थियों की सूची भी मुख्यमंत्री को सौंपी।

श्री चौहान ने पहली जुलाई से लागू होने वाली विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी विकसित भारत जी-राम-जी योजना के प्रभावी और समय पर क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने लंबित मनरेगा भुगतान के निपटारे के लिए केंद्र सरकार को जल्द प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में उत्तर प्रदेश की खेती पर अल-नीनो के संभावित प्रभावों पर भी चर्चा हुई। किसानों के हितों की रक्षा के लिए जल संरक्षण, फसल प्रबंधन, जलवायु अनुकूल कृषि और आपात योजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply