वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता छोटे व्यापारियों के लिए नए अवसर खोलेगा

नई दिल्ली, 23 जून :वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत-ब्रिटेन व्‍यापक आर्थिक और व्‍यापार समझौते से भारतीय किसानों, मछुआरों, कारीगरों और छोटे व्‍यापारियों को वैश्विक स्तर पर कारोबार करने में मदद मिलेगी। इससे रोजगार सृजन भी बढ़ेगा। एक अंग्रेजी दैनिक के लिये लिखे गये आलेख में वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री ने कहा कि इस वर्ष 15 जुलाई से लागू होने वाला यह समझौता ब्रिटेन में भारतीय सामानों की पहुंच बढ़ाएगा। उन्‍होंने कहा कि इससे लगभग 99 प्रतिशत शुल्‍क तुरंत समाप्त हो जायेंगे और भारत से निर्यात बढ़ेगा।

भारत- ब्रिटेन समझौते के एक महत्‍वपूर्ण पक्ष का उल्‍लेख करते हुए श्री गोयल ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पर समझौते से 75 हजार से अधिक भारतीय पेशेवरों और नौ सौ से अधिक कंपनियों को लाभ होने की आशा है। उन्‍होंने कहा कि यह व्‍यापार समझौता प्रमुख अर्थव्‍यवस्‍थाओं के बीच समान और महत्‍वकांक्षी व्‍यापार समझौतों में मानक है।

Leave a Reply