नई दिल्ली, 23 जून : केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ नेफेड के नीलामी पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इस पोर्टल की शुरूआत नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और सुगमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण कदम है। इससे नीलामी संबंधी गतिविधियों को सुगम बनाने और किसानों और कृषि संस्थाओं के हित में नैफेड की कार्य कुशलता बढ़ाने के लिए डिजिटल प्लेटफार्म उपलब्ध होगा। सहकारिता मंत्रालय ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान श्री अमित शाह कई महत्वपूर्ण डिजिटल और किसान केंद्रित पहल का भी शुभारंभ करेंगे।
इसके बाद श्री शाह नैफेड के निदेशक मंडल के साथ बैठक करेंगे। सहकारिता मंत्रालय ने बताया कि बैठक के दौरान नैफेड अपनी गतिविधियों, निर्देशों पर हुई कार्रवाई और प्रगति से संबंधित प्रस्तुति देगा। इस कल्याण कारी पहल का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहकार से समृद्धि लक्ष्य तथा प्रौद्योगिकी और किसान केंद्रित सुधारों से सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने के सरकार के प्रयासों के अनुरूप है।
