आधार ऐप पर ईमेल अपडेट सेवा मुफ्त, दो दिनों में ढाई लाख से अधिक लोगों ने किया अपडेट

नई दिल्ली, 3 जुलाई : भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार ऐप के माध्यम से ईमेल अपडेट करने की सुविधा निशुल्क कर दी है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार यह सुविधा एक जुलाई से अगले छह महीने तक मुफ्त उपलब्ध रहेगी।

मंत्रालय ने बताया कि नई सेवा शुरू होने के मात्र दो दिनों के भीतर ही ढाई लाख से अधिक लोगों ने आधार ऐप के जरिए अपना ईमेल पता अपडेट कराया है।

मंत्रालय के अनुसार, आधार से ईमेल लिंक होने पर आधार प्रमाणीकरण (ऑथेंटिकेशन) होने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति को तुरंत ईमेल के माध्यम से सूचना मिलती है। इससे पारदर्शिता बढ़ती है और आधार धारकों को उनके आधार के उपयोग की जानकारी मिलती रहती है, जिससे सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत भी सुनिश्चित होती है।

मंत्रालय ने बताया कि अब तक नए आधार ऐप के जरिए 40 लाख से अधिक लोगों ने अपने मोबाइल नंबर अपडेट किए हैं। वहीं, लगभग 10 लाख लोग ऐप के माध्यम से अपना पता भी अपडेट कर चुके हैं।

Leave a Reply