नई दिल्ली, 3 जुलाई : दिल्ली पुलिस की दक्षिण जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में करीब नौ करोड़ रुपये मूल्य की आठ किलोग्राम से अधिक उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद की है। मामले में व्यावसायिक मात्रा में चरस की तस्करी से जुड़े तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी भारत-नेपाल सीमा से चरस लाकर व्हाट्सएप आधारित डिलीवरी नेटवर्क के जरिए दिल्ली के विभिन्न इलाकों में इसकी आपूर्ति करते थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से ऑर्डर लेते थे और डिजिटल बैंकिंग चैनलों के जरिए भुगतान स्वीकार करते थे। पुलिस ने बताया कि पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी हर लेनदेन के बाद चैट और कॉल रिकॉर्ड डिलीट कर देते थे तथा डिलीवरी के लिए ऑटो-रिक्शा और बाइक टैक्सी का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए वित्तीय लेनदेन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया जा रहा है।
