नई दिल्ली, 3 जुलाई : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिम मध्य प्रदेश में कल तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, आंध्र प्रदेश, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना तथा पूर्वोत्तर राज्यों में भी कल तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि आज छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, केरल, माहे, उत्तराखंड और विदर्भ में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, गुजरात और झारखंड में कल तक गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।
वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में सोमवार तक गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने का अनुमान है।
