अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू-श्रीनगर एनएच-44 पर यातायात के लिए नया परामर्श जारी

नई दिल्ली, 1 जुलाई : जम्‍मू-कश्‍मीर यातायात पुलिस ने श्रीअमरनाथ जी यात्रा से पहले जम्‍मू-श्रीनगर राष्‍ट्रीय राजमार्ग -44 पर वाहनों की आवाजाही विनियमित करने के लिए नया परामर्श जारी किया है। तीर्थयात्रियों का पहला जत्‍था कल जम्‍मू से रवाना होगा। परामर्श के अनुसार भारी मोटर वाहनों को शाम सात बजे के बाद काजीगुंड से जम्मू की ओर और जखेनी (उधमपुर) से श्रीनगर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

हल्‍के मोटर वाहनों को रात 11 बजे तक आवाजाही की अनुमति रहेगी। 2 जुलाई को पहले जत्थे के जखैनी पार कर लेने के बाद नगरोटा से उधमपुर की ओर हल्‍के वाहनों, निजी वाहनों और यात्री वाहनों को जाने की अनुमति होगी। इसी तरह, बालतल से जत्‍था के मारोग पार करने के बाद काज़ीगुंड से जम्मू की ओर हल्‍के वाहनों और यात्री वाहनों के आने की अनुमति रहेगी। यात्रियों को ताज़ा जानकारी के लिए प्रतिदिन यातायात परामर्श से अवगत रहने को कहा गया है।

Leave a Reply