नई दिल्ली, 1 जुलाई : राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक से टक्कर के बाद स्लीपर बस में आग लगने से 7 लोगों की मृत्यु हो गई और 12 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना तड़के करीब 3:00 बजे बांदीकुई के पास एक गांव के नजदीक हुई। ऋषिकेश से इंदौर जा रही बस एक ट्रक से टकरा गई और टक्कर के तुरंत बाद उसमें आग लग गई। कई यात्री जलती हुई बस में फंस गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल यात्रियों में से अधिकांश मध्य प्रदेश और ऋषिकेश के हैं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
