नई दिल्ली, 30 जून: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सुदृढ़ अर्थव्यवस्था ही मजबूत रक्षा क्षमताओं की नींव है। गुजरात के वडोदरा में आज वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रसायन, इलेक्ट्रॉनिक्स, जहाज निर्माण और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति के कारण गुजरात जल्द ही रक्षा विनिर्माण के वैश्विक केंद्र के रूप में उभरेगा।
रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भरता की दिशा में देश की तीव्र प्रगति पर प्रकाश डालते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत का घरेलू रक्षा उत्पादन, जो 2014 में लगभग 46 हजार करोड़ रुपये था, वर्तमान में बढ़कर एक लाख 78 हजार करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने बताया कि वडोदरा अब भारत की निजी क्षेत्र की पहली सैन्य विमान निर्माण सुविधा का केंद्र है। यहां टाटा समूह और एयरबस संयुक्त रूप से सी-295 परिवहन विमान का निर्माण कर रहे हैं, जो देश की एयरोस्पेस यात्रा में ऐतिहासिक मील का पत्थर है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने घोषणा की कि दो दिन के वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन के दौरान तीन लाख 34 हजार करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे आने वाले दिनों में इस क्षेत्र में एक लाख 97 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
