नईदिल्ली, 9 जून : केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि नवाचार, वैश्विक साझेदारी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक बढ़ती पहुंच के बल पर अगले पांच वर्षों में भारत का औषधि उद्योग दोगुना होने की संभावना है। नई दिल्ली में फार्मास्यूटिकल क्षेत्र पर आयोजित ग्लोबल एम्बेसडर मीट को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि भारत ने हाल के वर्षों में नौ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं और अब 50 से अधिक देशों के साथ व्यापारिक समझौते हैं, जिससे भारतीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारत अब केवल जेनेरिक दवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुसंधान, नवाचार और उच्च मूल्य वाली औषधियों के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। श्री गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय औषधि उद्योग वैश्विक स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा दुनिया भर में किफायती दवाएं उपलब्ध कराने में योगदान देगा।
