नईदिल्ली, 7 जून :पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार प्रमुख धार्मिक स्थलों, दक्षिणेश्वर और कालीघाट मंदिरों में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विकास कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा सागर मेले को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने का काम शुरू हो चुका है, साथ ही दक्षिणेश्वर और कालीघाट जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुविधाओं में भी सुधार किए जाएंगे।
पूर्व तृणमूल कांग्रेस सरकार पर मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल रोजगार के अवसरों में कमी और भ्रष्टाचार से ग्रस्त रहा। श्री अधिकारी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान विकास के बजाए तुष्टिकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी गई। पश्चिम बंगाल को एक पवित्र आध्यात्मिक भूमि बताते हुए, श्री अधिकारी ने कहा कि तुष्टीकरण, अराजकता और निवेश की कमी का युग अब समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का केंद्र के साथ तालमेल, विकास को गति देगा।
