नई दिल्ली, 30 जुलाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुषों की पैरा 100 मीटर T-47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर दिलीप महादु गावित को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि एथलीट की गति, दृढ़ संकल्प और लगन ने देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने नया खेल कीर्तिमान बनाने और अपना ‘सीज़न बेस्ट’ प्रदर्शन करने के लिए भी श्री गावित को बधाई दी।
श्री मोदी ने इसी स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर मोहम्मद बासिल मोर्सिंग-नाकथ को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि मोर्सिंग-नाकथ की सफलता उनकी कड़ी मेहनत और फोकस को दिखाती है। एक रिपोर्ट-
भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में इतिहास रचते हुए पुरुषों की 100 मीटर टी-47 स्पर्धा में शीर्ष दो स्थान हासिल किए। दिलीप महादू गावित ने स्वर्ण पदक और मोहम्मद बासिल मोर्सिंग-नकाथ ने रजत पदक जीता।
दिलीप ने 10 दशमलव सात-एक सेकेंड के साथ नया रिकॉर्ड और सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं मोहम्मद बासिल ने सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ समय 10 दशमलव आठ-तीन सेकेंड के साथ रजत पदक हासिल किया।इंग्लैंड के केविन सैंटोस ने कांस्य पदक जीता।
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में यह भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले मीराबाई चानू ने महिलाओं के 48 किग्रा भारोत्तोलन वर्ग में और शर्मिला धनखड़ ने पैरा एथलेटिक्स की महिलाओं की गोला फेंक एफ-57 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।
प्रधानमंत्री ने पुरुषों की लम्बी कूद स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर श्रीशंकर को भी बधाई दी। श्री मोदी ने कहा कि श्रीशंकर की सफलता कई युवाओं को एथलेटिक्स में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने इन सभी मेडल विजेताओं को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
भारत पदक तालिका में तीन स्वर्ण, नौ रजत और तीन कांस्य पदक लेकर आठवें स्थान पर पहुंच गया।
