नई दिल्ली, 20 जुलाई : यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस 2025-26 के आंकड़ों के अनुसार देशभर में स्कूलों में नामांकन बढ़कर लगभग 25 करोड़ हो गया है। लोकसभा में लिखित जवाब में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्राथमिक, प्रारंभिक, मध्य और माध्यमिक स्तर की शिक्षा में वर्ष 2025-26 में नामांकन अनुपात वर्ष 2024-25 की तुलना में बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर स्त्री-पुरुष समानता सूचकांक एक या उससे अधिक है। यह लड़कियों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
शिक्षामंत्री ने कहा कि लड़कियों, लड़कों और दिव्यांगजनों के लिए शौचालय, पीने का पानी, बिजली, रेलिंग वाले रैंप जैसी बुनियादी सुविधाओं और इंटरनेट कनेक्शन और कंप्यूटर जैसी सुविधाओं की उपलब्धता में सुधार हुआ है। श्री प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) स्कूलों को अनुकरणीय स्कूलों के रूप में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में 13 हजार से अधिक पीएम श्री स्कूल हैं।
