नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस): विदेश मंत्री एस. जयशंकर की हालिया कतर, कुवैत, बहरीन और ओमान यात्रा के दौरान ऊर्जा सुरक्षा प्रमुख चर्चा का विषय रही। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। साप्ताहिक प्रेस वार्ता में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र के चारों देशों के नेतृत्व के साथ व्यापार, ऊर्जा, निवेश और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।
रणधीर जायसवाल ने कहा, “विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने खाड़ी क्षेत्र के चार देशों—कतर, कुवैत, बहरीन और ओमान—का दौरा किया। प्रत्येक देश में उन्होंने शीर्ष नेतृत्व और अपने समकक्ष विदेश मंत्रियों के साथ व्यापक बातचीत की। व्यापार, ऊर्जा, निवेश सहित कई साझा हितों के मुद्दों पर चर्चा हुई। पश्चिम एशिया में जारी घटनाक्रम पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया। ऊर्जा सुरक्षा इन सभी वार्ताओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही।”
विदेश मंत्रालय का यह बयान ऐसे समय आया है, जब होरमुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक जहाज पर ईरान के हमले के बाद अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर सैन्य तनाव बढ़ गया है। इससे कूटनीतिक समाधान की संभावनाओं पर अनिश्चितता बढ़ी है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर भी चिंताएं गहरा गई हैं।
होरमुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा गलियारों में से एक है, जहां से खाड़ी देशों का कच्चा तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) भारत सहित एशिया के कई देशों तक पहुंचती है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 5 से 10 जुलाई के बीच इन चार देशों का आधिकारिक दौरा किया। ओमान में उन्होंने विदेश मंत्री सैयद बद्र अलबुसैदी के साथ बैठक कर भारत-ओमान रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। हालिया क्षेत्रीय तनाव के दौरान भारतीय नाविकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने ओमान का आभार भी व्यक्त किया।
कुवैत दौरे के दौरान जयशंकर ने क्राउन प्रिंस शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह, प्रधानमंत्री शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-सबाह, रक्षा मंत्री शेख अब्दुल्ला अली अब्दुल्ला अल-सलेम अल-सबाह और विदेश मंत्री शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबाह से मुलाकात की। इन बैठकों में भारत-कुवैत रणनीतिक साझेदारी तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई।
बहरीन में जयशंकर ने राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा, क्राउन प्रिंस एवं प्रधानमंत्री प्रिंस सलमान बिन हमद अल खलीफा तथा उप-प्रधानमंत्री शेख खालिद बिन अब्दुल्ला अल खलीफा से मुलाकात की। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा बहरीन में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए वहां के नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुल्लतीफ बिन राशिद अल जियानी के साथ बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
कतर दौरे के दौरान विदेश मंत्री ने वहां के विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने ऊर्जा, व्यापार, निवेश और लोगों के बीच संबंधों सहित द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। इसके साथ ही क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई। जयशंकर ने अमेरिका-ईरान वार्ता में मध्यस्थ के रूप में कतर की भूमिका की भी सराहना की।
–आईएएनएस
