नई दिल्ली, 4 जुलाई :रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश का रक्षा निर्यात 38 हजार करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। नई दिल्ली में एक निजी कार्यक्रम में श्री सिंह ने कहा कि वित्त वर्ष 2013-14 में रक्षा निर्यात 686 करोड़ रुपये से वर्तमान में लगभग 57 गुना बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि वृद्धि रक्षा विनिर्माण और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की महत्वपूर्ण प्रगति और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा प्लेटफार्म पर बढ़ते वैश्विक विश्वास को रेखांकित करती है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में वार्षिक रक्षा उत्पादन भी सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है। यह एक लाख 78 हजार करोड़ रुपये से अधिक है, जो 2014-15 की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक है। भारत की व्यापक विनिर्माण उपलब्धियों के बारे में श्री सिंह ने मोबाइल फोन उत्पादन के विस्तार, ऑटोमोबाइल निर्यात में वृद्धि, स्वदेशी लोकोमोटिव उत्पादन और मेक इन इंडिया पहल के अंतर्गत डिजिटल अवसंरचना को मजबूत करने का उल्लेख किया।
पिछले एक दशक में देश की प्रगति के बारे में श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने कमी को दूर किया है, अवसरों का विस्तार किया है और कार्य संस्कृति में परिवर्तन किया है। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बारे में श्री सिंह ने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा करने के लिए सरकार के निरंतर प्रयास उन चुनौतियों का सामना करने के संकल्प का उदाहरण हैं जिन्हें कभी असंभव माना जाता था।
