नई दिल्ली, 3 जुलाई: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि अमरनाथ यात्रा सनातन संस्कृति के प्रति अटूट आस्था, धैर्य, संयम और कभी हार न मानने वाले अदम्य साहस का पवित्र प्रतीक है।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने अमरनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे यात्रा मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण, श्रद्धालुओं के ठहरने, स्वास्थ्य सेवाओं तथा आपदा प्रबंधन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो।
गृह मंत्री ने बाबा बर्फानी के दर्शन और पूजा के लिए अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं भी दीं।
