लंदन, 26 जून: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लंदन में ब्रिटेन के व्यवसाय और व्यापार मंत्री पीटर काइल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। दोनों नेताओं ने भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग को और मजबूत बनाने के नए अवसरों पर विस्तृत चर्चा की।
सोशल मीडिया पर पीयूष गोयल ने कहा कि दोनों देशों के बीच हुई बातचीत आपसी विश्वास, गर्मजोशी और भविष्य की साझेदारी को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (सीईटीए) और डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन (डीसीसी) अगले महीने की 15 तारीख से लागू होने जा रहे हैं। इसके साथ ही दोनों देश नवाचार, निवेश और समग्र आर्थिक विकास को बढ़ावा देने वाला मजबूत कारोबारी वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
गोयल ने कहा कि इन समझौतों के लागू होने से दोनों देशों के व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को नई गति मिलेगी तथा निवेश और औद्योगिक सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।
