नई दिल्ली, 26 जून: अंतरराष्ट्रीय नशा एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने देशवासियों से ‘नशा मुक्त भारत’ के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।
सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में उपराष्ट्रपति ने उन विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न संगठनों की सराहना की, जो नशा मुक्ति अभियान को सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के प्रयास एक मजबूत, स्वस्थ और नशा मुक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
उपराष्ट्रपति ने लोगों से अपील की कि वे नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने, नशे से उबर रहे लोगों का सहयोग करने और युवाओं को नशे के बजाय आशा, स्वस्थ जीवन और सकारात्मक उद्देश्य को अपनाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सामूहिक भागीदारी से ही नशा मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
