कराकास, 26 जून: वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 235 हो गई है, जबकि 4,300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव दल दिन-रात अभियान चला रहे हैं।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, महज 40 सेकंड के अंतराल में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो उथले भूकंप आए। भूकंप विज्ञान में इस तरह की लगातार आने वाली दो बड़ी भूकंपीय घटनाओं को ‘डबलट’ कहा जाता है। पिछले एक शताब्दी में यह वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है।
भूकंप से देश के मध्य तटीय क्षेत्र और राजधानी कराकास में भारी तबाही हुई है। कई बहुमंजिला इमारतें ढह गईं, जबकि बिजली और संचार सेवाएं ठप हो गईं। लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स के कारण और अधिक इमारतों के गिरने का खतरा बना हुआ है।
देश की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने गुरुवार को बताया कि अब भी करीब 200 लोग मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा, “हम समय के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और अधिक से अधिक लोगों को जीवित निकालने की कोशिश कर रहे हैं।”
विशेषज्ञों के अनुसार, दोनों भूकंप केवल 10 किलोमीटर की गहराई पर आए, जिससे उनकी ऊर्जा सीधे सतह के पास निकली और व्यापक तबाही हुई। दोनों झटकों के बीच एक मिनट से भी कम का अंतर था, जबकि लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स ने राहत एवं बचाव कार्य को और कठिन बना दिया है।
राजधानी कराकास के निकट भूकंप का केंद्र होने के कारण नुकसान और अधिक बढ़ गया। विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले लगभग 50 वर्षों में वेनेजुएला में कोई बड़ा भूकंप नहीं आया था, जिससे लोगों में आपदा से निपटने की तैयारी सीमित थी। वहीं, वर्षों से बुनियादी ढांचे में पर्याप्त निवेश नहीं होने के कारण पुरानी इमारतें भी तेज झटकों को नहीं झेल सकीं।
राहत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए सरकार ने तीन प्रमुख कदमों की घोषणा की है। इनमें निजी कंपनियों के मलबा हटाने वाले उपकरणों को तैनात करना, 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर का सहायता कोष स्थापित करना तथा प्रभावित कारोबारियों के लिए विशेष ऋण सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है।
विदेश मंत्री इवान गिल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सहायता के समन्वय के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। दुनिया के विभिन्न हिस्सों और पड़ोसी देशों सहित कम से कम एक दर्जन देशों ने वेनेजुएला को सहायता देने की पेशकश की है।
स्वास्थ्य मंत्री कार्लोस अल्वाराडो ने बताया कि 235 लोगों को अस्पताल पहुंचने से पहले मृत पाया गया या अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी मौत हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में आपातकाल घोषित कर दिया है। सबसे अधिक प्रभावित ला गुआइरा और उत्तरी क्षेत्रों में अतिरिक्त बचाव दल, सेना और चिकित्सा कर्मियों को तैनात किया गया है।
भारत, चीन, ब्राजील सहित कई देशों ने वेनेजुएला को मानवीय सहायता देने की पेशकश की है। प्रभावित क्षेत्रों में संचार व्यवस्था बहाल करने और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय भी शुरू कर दिया गया है।
