नई दिल्ली, 25 जून : वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता, अब तक भारत द्वारा किए गए सबसे व्यापक समझौतों में से एक है।
लंदन में इंडिया ग्लोबल फोरम के यूके-इंडिया वीक कार्यक्रम में श्री गोयल ने कहा कि इस समझौते से दोनों देशों को मिलने वाले आर्थिक लाभों की संभावनाएं बहुत अधिक हैं।
श्री गोयल तीन दिन की ब्रिटेन यात्रा पर हैं। इस दौरान वे 15 जुलाई से लागू होने वाले भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने दोनों देशों के उद्योग जगत से इस अवसर का लाभ उठाने और व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस समझौते से दोनों देशों के बीच करीब 48 अरब पाउंड के वार्षिक व्यापार को और बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत और ब्रिटेन रक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ा रहे हैं। श्री गोयल ने कहा कि दोनों देश आतंकवाद से मुकाबले और वैश्विक शांति, स्थिरता तथा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
