नईदिल्ली, 11जून : संस्कृति मंत्रालय ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप, अकादमी रत्न, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कारों की घोषणा की है।
संगीत नाटक अकादमी की सामान्य परिषद ने संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोक, जनजातीय कलाओं और कठपुतली सहित विभिन्न क्षेत्रों के 108 कलाकारों को अकादमी पुरस्कार के लिए चुना है। वहीं, 106 युवा कलाकारों का चयन उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के लिए किया गया है।
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के अंतर्गत 25 हजार रुपये की राशि, ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम प्रदान किया जाएगा। वहीं, अकादमी रत्न के साथ तीन लाख रुपये और अकादमी पुरस्कार के साथ एक लाख रुपये की सम्मान राशि, ताम्रपत्र तथा अंगवस्त्रम दिया जाएगा।
संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और अकादमी पुरस्कार राष्ट्रपति द्वारा एक विशेष अलंकरण समारोह में प्रदान किए जाएंगे, जबकि युवा पुरस्कार अकादमी के अध्यक्ष द्वारा विशेष समारोह में दिए जाएंगे।
