नईदिल्ली, 4 जून : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आज मिजोरम-म्यांमा सीमा पर स्थित चम्फाई कस्बे के नौ स्थानों पर छापेमारी कर रहा है। एजेंसी ने बताया कि ये छापेमारी अवैध बर्मी सुपारी (सूखी सुपारी) की भारत में बड़े पैमाने पर तस्करी करने वाले एक संगठित सीमा पार नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए की जा रही है।
निदेशालय ने बताया कि मुख्य रूप से तस्करों की मदद करने वाले प्रमुख स्थानीय लोगों के आवासों और व्यावसायिक परिसरों पर तलराश अभियान चलाया जा रहा है। जांच में पता चला है कि ये लोग टियू नदी के रास्ते म्यांमा से अवैध रूप से माल लाकर उसे गोदामों में जमा करते थे और फर्जी ई-वे बिलों और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके उसे वैध स्थानीय खरीद के रूप में दिखाते थे।
निदेशालय ने बताया कि इस अवैध नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये की हेराफेरी की गई। आरोपियों ने सीमा शुल्क अधिकारियों के समक्ष बिचौलिए के रूप में काम करने के लिए अपनी स्थानीय आदिवासी स्थिति का फायदा उठाया और जब्त किए गए माल को छुड़ाने के लिए पुराने आयात दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।
