कोलकाता, 1 जून : पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल का सोमवार को विस्तार किया गया। इस दौरान लोक भवन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुल 35 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।
यह विस्तार राज्य में विधानसभा चुनावों में जीत के बाद गठित पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण के तीन सप्ताह से अधिक समय बाद किया गया है।
नए मंत्रियों में 13 कैबिनेट मंत्री शामिल हैं। इनमें दीपक बर्मन, तपस रॉय, डॉ. शंकर घोष, मनोज कुमार उरांव, अर्जुन सिंह, गौरी शंकर घोष, स्वपन दासगुप्ता, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, कल्याण चक्रवर्ती, अजय पोद्दार, डॉ. सारद्वत मुखर्जी, दूध कुमार मंडल और अनुप कुमार दास शामिल हैं। हालांकि, इन मंत्रियों के विभागों की घोषणा अभी नहीं की गई है।
इन 13 नए कैबिनेट मंत्रियों के शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल के सदस्यों की कुल संख्या बढ़कर 19 हो गई है।
शुभेंदु अधिकारी ने 9 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ उस दिन अग्निमित्रा पॉल, दिलीप घोष, निशीथ प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडू ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली थी।
इन 13 कैबिनेट मंत्रियों के अलावा भाजपा के तीन अन्य विधायकों ने स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। इनमें इंद्रनील खान, मालती रावा रॉय और राजेश महातो शामिल हैं।
वहीं, भाजपा के 19 अन्य विधायकों ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया। इनमें जोएल मुर्मू, हरे कृष्ण बेरा, आनंदमय बर्मन, अशोक डिंडा, नदियार चंद बाउरी, विशाल लामा, शांतनु प्रमाणिक, मौमिता विश्वास मिश्रा, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, कौशिक चौधरी, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, अमिया किस्कू, कलिता माझी, गार्गी दास घोष, बिराज विश्वास, दीपांकर जना और सुमना सरकार शामिल हैं।
कोलकाता स्थित लोक भवन में सुबह ठीक 11 बजे शुरू हुए भव्य समारोह में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने नव नियुक्त मंत्रियों के नाम एक-एक कर पढ़कर सुनाए।
सबसे पहले कैबिनेट मंत्रियों के नामों की घोषणा की गई, इसके बाद स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों और अंत में राज्य मंत्रियों के नाम पढ़े गए। राज्यपाल आर.एन. रवि ने सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद सभी नए मंत्री राज्य सचिवालय नवान्न जाएंगे। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में दोपहर 3 बजे मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा किया जाएगा।
