पश्चिम बंगाल, असम, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। मतगणना के अब तक के रूझान इस प्रकार हैं।
विधानसभा की 293 सीटों में से 281 के रूझान मिल गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने निर्णायक बढ़त बना ली है और वह 193 सीटों पर आगे है। तृणमूल कांग्रेस 95 सीटों पर आगे चल रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट पर आगे हैं जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेन्दु अधिकारी नंदीग्राम से आगे हैं। पश्चिम बंगाल में 293 सीटों की मतगणना हो रही है। फल्ता विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए राज्य में इस महीने की 21 तारीख को दोबारा वोटिंग होगी और मतगणना 24 मई को की जाएगी।
असम में विधानसभा की सभी 126 सीटों के रूझान मिल रहे हैं। भाजपा का राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना तय है। सत्तारूढ़ भाजपा गठबंधन ने निर्णायक बढ़त बना ली है, जो 98 सीटों पर आगे है। कांग्रेस गठबंधन 26 सीटों पर बढत बनाई हुई है। अन्य 2 सीट पर आगे चल रहे हैं।
केरलम में विधानसभा की सभी 140 सीटों में से तीन के परिणाम मिल गए हैं। दो सीट कांग्रेस ने और एक मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने जीती। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यू.डी.एफ. गठबंधन ने निर्णायक बढ़त बना ली है। यह गठबंधन 103 सीटों पर आगे है। एल.डी.एफ. 35 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा गठबंधन 2 सीटों पर आगे चल रहा है।
तमिलनाडु में विधानसभा की सभी 234 सीटों के रूझान मिल गए हैं।अभिनेता विजय जोसेफ की पार्टी टीवीके ने सभी को चौंकाते हुए 110 सीटों पर बढ़त बना ली है। ए.आई.ए.डी.एम.के. गठबंधन 63 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। सत्तारूढ़ डीएमके गठबंधन केवल 61 सीटों पर आगे है।
पुद्दुचेरी में विधानसभा की 30 में से सात सीटों के परिणाम मिल गए हैं। तीन सीट ए.आई.एन.आर.सी., एक सीट भारतीय जनता पार्टी, एक कांग्रेस ने, ऑल इंडिया अन्ना डीएमके ने एक और एक सीट डीएमके ने जीती है।
ए.आई.एन.आर.सी. 6 सीट, भाजपा एक और अन्य 3 सीटों पर आगे हैं।
