हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों की तैनाती से बचने की सलाह

नई दिल्ली, 17 जुलाई: खाड़ी क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए समुद्री प्रशासन महानिदेशालय ने जहाज मालिकों, शिप मैनेजरों और भर्ती एवं प्लेसमेंट सेवा लाइसेंस प्राप्त कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे अगले आदेश तक हॉर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों की तैनाती से बचें।

समुद्री प्रशासन ने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के मद्देनजर भारतीय नाविकों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदमों से संबंधित एक परामर्श जारी किया है।

DGMA ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों की घटनाओं के कारण संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में काम कर रहे समुद्री कर्मियों और वाणिज्यिक जहाजों के लिए जोखिम काफी बढ़ गया है।

महानिदेशालय ने कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण के साथ-साथ भारतीय जहाजों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आपात स्थिति में सहायता के लिए DGMA ने नाविकों और जहाजों को तुरंत DG कम्युनिकेशन सेंटर या भारतीय नौसेना के इन्फॉर्मेशन फ्यूजन सेंटर-इंडियन ओशन रीजन (IFC-IOR) से संपर्क करने की सलाह दी है।

DGMA ने सभी संबंधित पक्षों से क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर लगातार नजर रखने और नाविकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा है।

Leave a Reply