नई दिल्ली, 13 जुलाई: भारत के पांच छात्रों ने 56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड (IPhO) 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता कोलंबिया के बुकारामांगा में 4 से 12 जुलाई तक आयोजित की गई थी।
स्वर्ण पदक विजेता भारतीय छात्रों में पुणे के कनिष्क जैन, इंदौर के ऋद्धेश अनंत बेंडाले, नई दिल्ली के रिशित गर्ग, मुंबई के श्रेष्ठ सुरैया और अहमदाबाद के स्वरित जोशी शामिल हैं।
इस उपलब्धि के साथ भारत ने रूस, चीन, कजाकिस्तान, दक्षिण कोरिया और ताइवान के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में 87 देशों के 381 छात्रों ने हिस्सा लिया था।
भारत के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को देश के ओलंपियाड कार्यक्रम की मजबूती का प्रमाण माना जा रहा है। इस कार्यक्रम का नेतृत्व टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (TIFR) के राष्ट्रीय केंद्र होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (HBCSE) द्वारा किया जाता है।
परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. अजीत कुमार मोहंती ने स्वर्ण पदक विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उल्लेखनीय उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने छात्रों की कड़ी मेहनत और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रदर्शन भारत में वैज्ञानिक शिक्षा और प्रतिभा विकास की मजबूत परंपरा को दर्शाते हैं।
