प्रधानमंत्री मोदी के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर ऑकलैंड में उत्साह, स्वागत की तैयारियां तेज

ऑकलैंड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर ऑकलैंड में उत्साह का माहौल है। लगभग चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर भारतीय समुदाय के साथ-साथ स्थानीय नागरिक भी इस ऐतिहासिक अवसर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

आकाशवाणी संवाददाता के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत की तैयारियां ऑकलैंड में जोर-शोर से चल रही हैं। भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ-साथ कई न्यूजीलैंडवासी भी पारंपरिक माओरी अभिवादन “किया ओरा मोदी” (Kia Ora Modi) के साथ उनका स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं।

महिलाएं, युवा, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शिक्षाविद और विभिन्न समुदायों के सदस्य इस यात्रा को भारत-न्यूजीलैंड संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत मान रहे हैं। उनका विश्वास है कि इससे व्यापार, शिक्षा, निवेश, खेल और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग और मजबूत होगा।

भारतीय प्रवासी समुदाय का कहना है कि लगभग 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा उनके लिए गर्व और भावनात्मक महत्व का क्षण है। वहीं, न्यूजीलैंड के लोग भी इस यात्रा को दोनों देशों के बीच मित्रता और रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने का अवसर मान रहे हैं।

भारतीय समुदाय लंबे समय से भारत और न्यूजीलैंड के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाता रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने के साथ-साथ दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी जुड़ाव को और मजबूत करने की उम्मीद जगाती है।

Leave a Reply