मुंबई, 8 जुलाई (आईएएनएस): अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने आधुनिक डेटिंग संस्कृति पर अपनी राय रखते हुए युवाओं को सलाह दी है कि वे “खुले मन से सोचें, लेकिन जीवनशैली रूढ़िवादी रखें।”
बुधवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किए गए एक लंबे पोस्ट में कंगना ने लिखा कि आज व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, डेटिंग ऐप्स, ‘घोस्टिंग’, ‘बेंचिंग’, ‘बॉडी काउंट’, नशे और क्लब संस्कृति जैसी चीजें युवाओं की जिंदगी का हिस्सा बन गई हैं। इसके बावजूद कई लोगों को जीवन में संतुष्टि नहीं मिल रही है।
उन्होंने लिखा, “बिना किसी लक्ष्य या उद्देश्य के जुनून आखिरकार आत्म-विनाशकारी रास्तों की ओर ले जाता है। इसलिए अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना जरूरी है। अपने करियर या किसी हुनर के प्रति जुनूनी बनें। मैं युवाओं से कहना चाहती हूं कि अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाएं।”
कंगना ने आगे सलाह देते हुए कहा, “खुले मन से सोचें, लेकिन जीवन रूढ़िवादी तरीके से जिएं। इससे आप जेल, ऊब, नकारात्मकता, अवसाद और ऐसी कई परेशानियों से दूर रह सकते हैं।”
उनका मानना है कि आधुनिक डेटिंग संस्कृति का असर विवाह संस्था पर भी पड़ा है और इससे वैवाहिक संबंधों से जुड़े अपराधों में भी वृद्धि हुई है।
इस बीच, कंगना हाल ही में ओटीटी रियलिटी शो ‘लॉक अप’ के नए सीजन में मेहमान के रूप में नजर आईं। शो में जेलर की भूमिका निभा रहे फऱाह खान और रितेश देशमुख की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों ने प्रतियोगियों के साथ निष्पक्ष व्यवहार किया और टास्क के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया।
पहले सीजन की होस्ट रह चुकी कंगना ने कहा, “फराह और रितेश ने इस ‘लॉक अप’ के लिए बिल्कुल वैसा नेतृत्व दिया है, जिसकी जरूरत थी। वे निष्पक्ष, निडर और नियमों के मामले में पूरी तरह अडिग रहे हैं। ‘जनता की आवाज’ के रूप में अब दर्शकों की राय भी सामने आएगी।”
गौरतलब है कि कंगना रनौत वर्तमान में हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनाव में पहली बार सांसद चुनी गई थीं। (आईएएनएस)
