नई दिल्ली, 2 जुलाई : केन्द्रीय पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने आज कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी एक से दूसरी तकनीक की जगह नहीं ले रहा है बल्कि इससे टिकाऊ औद्योगिक ईको सिस्टम का निर्माण हो रहा है। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी : विकसित भारत के लिए देश को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी हब बनाने पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में उन्होंने यह बात की। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ तथा संतुलित विकास के साथ जीवन को सुगम बनाने के प्रयास कर रही है।
श्री यादव ने बताया कि सरकार पर्यावरण संबंधी मंजूरियों को सरल बनाने, परिवेश पोर्टल के माध्यम से अनुमोदन प्रणालियों को डिजिटाइज़ करने, अनुपालन आवश्यकताओं को युक्तिसंगत बनाने और पर्यावरण सुरक्षा उपायों से समझौता किए बिना व्यापार करने में आसानी को बढ़ावा दे रही है। ये सुधार जिम्मेदार विकास सुनिश्चित करते हुए निवेश में तेजी लाने में सक्षम बना रहे हैं। श्री यादव ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुसार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के साथ-साथ विकास सुनिश्चित करने पर काम कर रही है।
यह सम्मेलन देश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में तेजी लाने और वैश्विक इलेक्ट्रिक व्हीकल विनिर्माण केंद्र के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए रूपरेखा तैयार करने के लिए आयेाजित किया गया है। इसमें वरिष्ठ नीति निर्माता, प्रमुख उद्योगकर्मी, ऑटोमोटिव निर्माता, प्रौद्योगिकी प्रदाता और अन्य हितधारक मिलकर विचार-विमर्श करेंगे।
