नई दिल्ली, 28 जून: अमरीका और ईरान के बीच कमजोर संघर्ष विराम टूटने के बाद पश्चिम एशिया में सुरक्षा की स्थिति में तीव्र गिरावट आई है। पिछले कई घंटों से दोनों पक्ष ताजा सैन्य हमले कर रहे हैं। अमरीका ने आरोप लगाया कि ईरान ने एक ड्रोन से एक वाणिज्यिक तेल टैंकर पर हमला किया। इसके बाद अमरीका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट ईरान के दस सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए। अमरीका के सेंट्रल कमान ने कहा कि इस अभियान में निगरानी अवसंरचना, संचार प्रणाली, हवाई रक्षा प्रतिष्ठान, ड्रोन भंडारण प्रतिष्ठान और खनन क्षमताओं को निशाना बनाया गया। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि और संघर्ष विराम उल्लंघन की स्थिति में अधिक व्यापक सैन्य कार्रवाई होगी।
ईरान ने कुवैत और बहरीन में स्थित अमरीकी सैन्य प्रतिष्ठानों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए कुछ घंटों के भीतर प्रतिक्रिया दिखाई। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने दावा किया कि उसने कुवैत में अली अल सलेम एयर बेस और अमरीका से संबंधित प्रतिष्ठानों सहित मुख्य अमरीकी प्रतिष्ठानों पर हमलें किए। कुवैत के अधिकारियों ने बताया कि हवाई रक्षा प्रणालियाँ आने वाले खतरों से निपट रही थीं। वहीं, बहरीन ने हवाई रेड सायरन सक्रिय कर दिया है और नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी। प्रारंभिक खबरों में किसी भी अमरीकी अधिकारी के हताहत होने की पुष्टि नही हुई है। हालांकि स्थिति नाजुक बनी हुई है।
होर्मुज जलडमरूमध्यम में एक वाणिज्यिक जहाज पर ईरान द्वारा बृहस्पतिवार को हमला किए जाने के बाद अमरीका ने तीव्र प्रतिक्रिया दिखाई। इसके बाद ईरान ने क्षेत्र में शनिवार को अमरीकी सैन्य ठिकानों पर रक्षात्मक हमले किए। दोनों पक्ष अंतरिम समझौते का उल्लघंन करने का आरोप एक दूसरे पर लगा रहे हैं। यह मध्यस्थों द्वारा किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों के लिए खतरा उत्पन्न कर रहा है।
इस बीच, इस्राएल-लेबनान की सीमा के पास तनाव भी चरम पर है। इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने लेबनान के साथ घोषित नए समझौते के ढांचे का बचाव किया है। वहीं, उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न होने की स्थिति में इस्राएल हिज्बुल्लाह के विरूद्ध कार्रवाई करने का अधिकार रखता है। हिज्बुल्लाह ने अमरीका की मध्यस्थता वाले समझौते वाले मुख्य प्रावधानों को खारिज कर दिया है और मिसाइल द्वारा हमले जारी हैं। इससे व्यापक क्षेत्रीय संकट के गहराने की आशंका बढ़ गई है।
