नई दिल्ली, 24 जून : विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम के दूसरे चरण का क्रियान्वयन, चिप-आधारित ई-पासपोर्ट की शुरुआत, नए पासपोर्ट सुरक्षा केंद्रों और पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र की स्थापना तथा रिकॉर्ड स्तर पर पासपोर्ट जारी करने से यात्रा सुगम हो रही है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री जयशंकर ने 14वें पासपोर्ट सेवा दिवस के अवसर पर भारत और विदेश में सभी पासपोर्ट प्राधिकरणों को शुभकामनाएं दीं। डॉ. जयशंकर ने ‘सुरक्षित पासपोर्ट, सुगम सेवा, सशक्त नागरिक’ के दृष्टिकोण से निर्देशित होकर पासपोर्ट सेवाओं की डिलीवरी को तेज, अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
2026-06-24
