नई दिल्ली, 21 जून : पंजाब में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। विभिन्न सरकारी और निजी संगठनों और संस्थानों ने योग सत्र आयोजित किए। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जालंधर के निजी विश्वविद्यालय में आयोजित योग सत्र में भाग लिया। उन्होंने राज्य के लोगों, विशेषकर युवाओं से, नशा न करने का आग्रह किया।
सीमा सुरक्षा बल ने अमृतसर में अटारी-वाघा संयुक्त चेक पोस्ट- जेसीपी, गुरदासपुर में करतारपुर साहिब कॉरिडोर, फिरोजपुर में हुसैनीवाला जेसीपी और फाजिल्का सीमा पर सादकी जेसीपी के साथ राज्य की अन्य इकाइयों और मुख्यालय में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया।
गुजरात में कई ज़िलों में योग सत्र आयोजित किए गए। मुख्य आयोजन गांधीनगर के मनसा में हो रहा है जहां मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी उपस्थित हैं। गृहमंत्री अमित शाह अहमदाबाद के प्रहलाद नगर में योग कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।
एक विशेष पहल के तौर पर पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद डिवीजन ने कई रेल परिसरों और चार वंदेभारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों में योग सत्र रखे हैं।
राजकोट नगर निगम आज एक विशेष स्वास्थ्य व्यवस्था स्थापित कर रहा है जहां हर 15 मिनट पर योग शिक्षण केंद्र सक्रिय होगा।
उत्तर प्रदेश में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित हुए। इनमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, विधान परिषद अध्यक्ष और सभी राज्य मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न जिलों में आयोजित योग सत्रों में भागीदारी की।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में योग किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी के फोर्ट ग्राउंड में योग सत्र का नेतृत्व किया। उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के त्रिवेणी स्थित संगम नोज में जबकि बृजेश पाठक ने लखनऊ के द रेजिडेंसी पार्क में हुए कार्यक्रम में भाग लिया।
जम्मू कश्मीर में आज कश्मीर घाटी के सभी 10 जिलों में योग दिवस समारोह में हजारों लोगों ने भाग लिया। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर में प्रतिष्ठित डल झील के किनारे स्थित एसके इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व किया। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में भी कई योग सत्र हुए।
ओडिशा में हजारों लोग योग सत्रों में भाग ले रहे हैं। प्रमुख आयोजन विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर के प्रांगण में किया जा रहा है।
कारगिल के ख्री सुल्तान चो स्पोर्ट्स स्टेडियम में आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिए गए संबोधन के प्रत्यक्ष प्रसारण के साथ हुई।
कारगिल के युवा सेवा और खेल विभाग के योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों द्वारा स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली के लिए योग को अपनी दिनचर्या का नियमित हिस्सा बनाने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने योग और जन स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए राज्य भर के स्वर्ण ग्राम और स्वर्ण वार्ड कार्यालय में स्थायी योग केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य योग को हर घर तक पहुंचाना और एक स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा आज विजयवाड़ा के इंदिरा गांधी नगर पालिका स्टेडियम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में की। समारोह का नेतृत्व योग गुरु बाबा रामदेव ने किया।
गोवा के तालेगांव स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केंद्रीय विद्युत और नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक सहित छात्र, शिक्षक, सरकारी कर्मचारी और योग अभ्यासकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर डॉ. सावंत ने कहा कि योग मानसिक संतुलन, अनुशासन और समग्र कल्याण को बढ़ावा देता है। उन्होंने योग तथा आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए गोवा सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक ने कहा कि यह अभ्यास आत्म-जागरूकता, शारीरिक फिटनेस और मानसिक शांति को प्रोत्साहित करता है। कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
पुद्दुचेरी में आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन अपनी पत्नी के साथ बीच रोड पर आयोजित योग कार्यक्रम में शामिल हुए और योगासन किया। उन्होंने सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा प्रकाशित ‘योग 365’ पुस्तिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, मंत्री राजवेलु, विधायक साई जे सरवनन कुमार, मुख्य सचिव शरत चौहान, पुलिस महानिदेशक शालिनी सिंह सहित अन्य अधिकारी और छात्र भी योग सत्र में शामिल हुए। इससे पहले, कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोलकाता में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण किया गया।
