नईदिल्ली, 4 जून : नागर विमानन मंत्रालय के निदेशक रोहित राज ने कहा है कि केंद्र सरकार ने विमान ईंधन- ए.टी.एफ. की कीमतों को स्थिर रखने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की एकमुश्त बजटीय सहायता देने का फैसला किया है। यह निर्णय आम जनता के हित में लिया गया है, ताकि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतों में आई असामान्य बढ़ोतरी का बोझ यात्रियों पर न पड़े।
नई दिल्ली में आज पश्चिम एशिया की हालिया स्थिति पर अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में श्री रोहित राज ने कहा कि इस कदम से टिकटों की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी को रोका जा सकेगा।
इस दौरान पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, एल.पी.जी. और प्राकृतिक गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि अब 99 प्रतिशत एल.पी.जी. सिलेंडरों की बुकिंग ऑनलाइन हो रही है और 96 प्रतिशत से अधिक सिलेंडरों की डिलीवरी ओ.टी.पी. के माध्यम से की जा रही है। कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है।
विदेश मंत्रालय में अपर सचिव (खाड़ी क्षेत्र) असीम आर. महाजन ने कहा कि खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र की स्थिति पर सरकार लगातार नजर रख रही है। उन्होंने नागरिकों से ईरान की यात्रा न करने की अपील की।
श्री महाजन ने बताया कि विदेशों में फंसे भारतीयों की मदद के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
