असम विस चुनावः कांग्रेस के हाथी के दांत दिखाने के और खाने के और : जेपी नड्डा

डिब्रूगढ़, असम 22 मार्च (हि.स.)। डिब्रूगढ़ जिला के टिंगखांग में भाजपा उम्मीदवार बिमल बोरा के समर्थन में  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने सोमवार को चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहाकि आपकी भारी संख्या में उपस्थिति यह साबित करती है कि आपने हमारे उम्मीदवार की जीत तय कर दी है। कांग्रेस पार्टी का काम है लटकाना, भटकाना। कांग्रेस पार्टी के हाथी के दांत दिखाने के और खाने के और हैं।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा असम में चुनाव प्रचार के मद्देनजर दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। सोमवार को वे तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। टिंगखांग से अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित कर उन्होंने जनता से भाजपा को समर्थन देने का आह्वान किया।

नड्‌डा ने कहाकि चुनावों में लोग तरह-तरह के वायदे करते हैं। अपनी ओर लुभाने की कोशिश करते हैं। लेकिन यह भी हम जानते हैं कि असम को योगदान देने व आगे बढ़ाने वाली कोई पार्टी है तो वह भाजपा और असम गण परिषद पार्टी है। कांग्रेस ने यहां की सभ्यता को चोट पहुंचाई है। यहां की संस्कृति को उन्होंने दरकिनार करके बढ़ने से रोकने का काम किया है। असम की सुरक्षा की बात करूं तो कांग्रेस ने सुरक्षा को कभी तरजीह नहीं दी लेकिन पिछले पांच वर्ष में सर्वानंद सोनोवाल और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब से गद्दी पर बैठे हैं तो उन्होंने असम समेत पूरे पूर्वोत्तर की तस्वीर बदल दी है।

उन्होंने कहाकि लंबे समय तक कांग्रेस ने विकास के पहिए को रोक दिया। लंबे समय तक यहां के काम को नहीं होने दिया। कांग्रेस का दोहरा चरित्र हम सबको देखने को मिलता है। हमारी सरकार ने असम की संस्कृति, भाषा की रक्षा की। समृद्धि लाने का काम किया। 50 साल बोड़ो का विषय कभी सुलझाया नहीं गया। लगभग चार हजार से अधिक लोगों की मौत हुई। लंबी लड़ाई गयी लेकिन भाजपा सरकार ने इस समस्या का समाधान कर बोड़ो समाज के विकास के लिए 15 सौ करोड़ रुपये दिये हैं।

कांग्रेस पार्टी अवसरवाद की राजनीति करती है। देश के अन्य हिस्सों में एक ही समय में चुनाव हो रहा है। कांग्रेस केरल में सीपीएम के विरुद्ध और मुस्लिम लीग के साथ लड़ रही है। बंगाल में सीपीएम के साथ तो असम में अजमल के साथ चुनाव लड़ रही है। यह अवसरवादी राजनीति नहीं तो और क्या है।

उन्होंने कहाकि पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने भी कहा था कि जो शंकरदेव की संस्कृति को अघात पहुंचाएगा, उसके साथ हम कभी नहीं जाएंगे जबकि उनके पुत्र ने ऐसे लोगों के साथ हाथ मिल लिया है। अपने शासनकाल के दौरान चाय बागान के विकास के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया लेकिन भाजपा चाय बागान के साथियों के साथ खड़ी है। कांग्रेस ने समाज को बांटने का काम किया है। संस्कृति की रक्षा करने की दृष्टि से भाजपा सरकार ने नामघर की सुरक्षा, रक्षा के लिए काम किया।

उन्होंने कहाकि कांग्रेस ने यहां के लोगों को मदद करने का काम नहीं किया जबकि भाजपा ने नामघरों को आर्थिक सहायता दिया है। असम दर्शन के तहत संस्कृति की रक्षा की। भाषा, संस्कृति की रक्षा के लिए अटल बिहारी वाजपेयी ने डॉ भूपेन हजारिका को भारत रत्न देकर यहां की संस्कृति को सम्मान दिया। माधव देव कलाक्षेत्र के विकास, श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान के विकास के लिए आर्थिक सहायता दी।

कांग्रेस का अर्थ अंधकार है। भाजपा का अर्थ विकास। अंधकार चाहिए तो कांग्रेस लाइये, विकास चाहिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत करना होगा। चाय बागान में राहुल गांधी के दौरे को लेकर भी तंज कसा। मार्च के महीने में चाय की पत्ती नहीं तोड़ी जाती। इसलिए यह साबित हो गया है कि चाय बागान का दौरा सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए आए थे।

उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा नेतृत्वाधीन सरकार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहाकि यह चुनाव असम की संस्कृति की रक्षा, सुरक्षा और समृद्धि का चुनाव है। उन्होंने बांस, शौचालय, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, समेत विभिन्न तरह की शुरू की गयी योजनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा उम्मीदवार बिमल बोरा को फिर से चुनकर असम के विकास को फिर से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री व सांसद रामेश्वर तेली, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, उम्मीदवार बिमल कुमार बोरा, जिला भाजपा अध्यक्ष जगदीश राजकोंवर, अगप के स्थानीय नेता व बडी संख्या में आम जनता मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *