गोसाबा में बम ब्लास्ट : भाजपा के छह कार्यकर्ता घायल

कोलकाता, 06 मार्च (हि.स.)। एक दिन बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोलकाता के सबसे बड़े ब्रिगेड परेड मैदान में जनसभा होने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी इसकी तैयारियों में जुटी हुई है। उसके पहले राजधानी कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना के गोसाबा में बम ब्लास्ट की वजह से छह भाजपा कर्मी घायल हो गए हैं। घटना बादामतला इलाके की है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात अचानक एक घर के अंदर जबरदस्त विस्फोट हुआ जिसकी आवाज काफी दूर तक गई थी। इसकी वजह से उस मकान की खिड़कियों के कांच तक टूट गए थे। मौके पर मौजूद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
इधर, तृणमूल कांग्रेस ने इसे लेकर आरोप लगाना शुरू कर दिया है। पार्टी का दावा है कि हिंसा फैलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बम बना रहे थे। उसी समय विस्फोट हुआ है। भारतीय जनता पार्टी ने फिलहाल इस बारे में कुछ भी नहीं कहा है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *