447 अंकों के उछाल के साथ 50,296 पर बंद हुआ शेयर बाजार

  • आईटी और ऑटो शेयरों में हुई जमकर खरीदारी
  • मंगलवार को निवेशकों ने की 2.81 लाख करोड़ की कमाई

नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को भी घरेलू शेयर बाजारों में उछाल देखने को मिला। इसी तेजी से निवेशकों ने 2.81 लाख करोड़ रुपये कमाई की। सेंसेक्स 447 अंकों की बढ़त के साथ 50,296 अंक पर बंद हुआ जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने भी 175 अंक बढ़ कर 14,900 पर कारोबार खत्म किया।

मंगलवार को निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स के अलावा सभी सेक्टर्स में उछाल देखने को मिली। ऑटो और आईटी इंडेक्स ने तीन-तीन फीसदी तक की छलांग लगाई। फार्मा और एफएमसीजी इंडेक्स सवा से डेढ़ फीसदी तक मजबूत हुए। ऑटो इंडेक्स पर सभी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। आईटी इंडेक्स पर एलएंडटी इंफोटेक के शेयरों में 7 फीसदी से अधिक का उछाल दिखा।

कारोबारी सत्र के दौरान 208 कंपनियों के शेयरों ने अपने 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर हासिल किया जबकि केवल एक ही कंपनी के शेयर अपने 52 सप्ताह के न्यूनतम स्तर तक फिसले दिखाई दिए। 50 इंडेक्स वाले निफ्टी के 43 शेयर हरे, जबकि सात शेयरों ने लाल निशान के साथ कारोबार खत्म किया। सेंसेक्स पर भी आधा दर्जन शेयरों को छोड़कर 24 शेयरों में तेजी रही। बीएसई पर 1,856 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। 1,152 शेयरों में नरमी देखने को मिली।