अगरतला, 21 जनवरी (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत देश के विभिन्न नेताओं ने त्रिपुरा के स्थापना दिवस के अवसर पर त्रिपुरा के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही त्रिपुरा के लोगों का अभिवादन किया है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एक ट्वीट में कहा कि वह स्थापना दिवस के अवसर पर त्रिपुरा के भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहते हैं। राज्य ने बिप्लब कुमार देव के नेतृत्व में सुशासन के एक नए युग में प्रवेश किया है और प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मां त्रिपुर सुंदरी के आशीर्वाद से यह राज्य और समृद्ध होगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने ट्वीट में कहा, “त्रिपुरा में मेरे भाइयों और बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की बधाई।” सभी चुनौतियों के बावजूद, यहां के लोगों के जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और देश की प्रगति के प्रति समर्पण की भावना अनुकरणीय है।
इसके अलावा, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय खेल मंत्री किरन रिजिजू, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह और असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सनवाल ने स्थापना दिवस के अवसर पर त्रिपुरा के लोगों को हार्दिक बधाई दी है।
वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोबिंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी त्रिपुरा के लोगों को राज्य स्थापना दिवस पर अपनी शुभकामनाएं एवं बधाई ट्वीट के जरिए प्रेषित किया है।