- पुलिस सुरक्षा में निकली ईडी टीम, किसी गमाडा अधिकारी को हिरासत में नहीं लिया गया
मोहाली, 24 सितंबर (हि.स.)। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के मुख्यालय में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की करीब 36 घंटे तक चली छापेमारी गुरुवार सुबह लगभग 11:30 बजे समाप्त हो गई। कार्रवाई पूरी होने के बाद ईडी की टीम 30 से अधिक बैग में जब्त दस्तावेज तथा स्कैन रिकॉर्ड से जुड़ी हार्ड डिस्क अपने साथ ले गई।
ईडी ने मंगलवार सुबह गमाडा कार्यालय में कार्रवाई शुरू की थी और जमीन अधिग्रहण, चेंज ऑफ लैंड यूज तथा निजी रियल एस्टेट कंपनियों से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामलों का रिकॉर्ड खंगाला था। हालांकि, ईडी की ओर से जब्त सामग्री के बारे में विस्तृत आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है, लेकिन जांच एजेंसी को आगे की पड़ताल के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।
गुरुवार को बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता गमाडा कार्यालय के बाहर पहुंचे और केंद्र तथा भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक दबाव से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब सरकार और अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शन के कारण ईडी टीम को कार्यालय से बाहर निकलने के बाद पुलिस सुरक्षा में चंडीगढ़ सीमा तक पहुंचाया गया।
सूत्रों के मुताबिक गमाडा के किसी भी अधिकारी को ईडी ने हिरासत में नहीं लिया है। पंजाब के हाउसिंग सेक्रेटरी विकास गर्ग समेत वरिष्ठ अधिकारी कार्रवाई समाप्त होने के बाद अपने काम पर लौट गए। जांच एजेंसी ने कार्रवाई के दौरान गमाडा के कई वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ की और विभिन्न फाइलों, मोबाइल फोन तथा कार्यालय के डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की। माना जा रहा है कि जब्त दस्तावेज की जांच के बाद ईडी आने वाले दिनों में संबंधित अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन जारी कर सकती है। मामले की जांच अभी जारी है।
