भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक 4 पिस्तौल समेत गोला-बारूद मिला

तरनतारन, 24 सितंबर (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक खेमकरण क्षेत्र के गांव रतोके भूप में बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान हथियारों और गोला-बारूद की खेप बरामद की है। एक खेत में मिले संदिग्ध पैकेट से 4 पिस्तौल, 8 मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

बीएसएफ के मुताबिक 148वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट एमएस जौ अपनी टीम के साथ रात के समय सीमावर्ती इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गांव रतोके भूप के एक खेत में पीले रंग की टेप से लिपटा हुआ लावारिस पैकेट दिखाई दिया। सुरक्षा बलों ने सावधानी के साथ पैकेट की जांच की, तो उसमें हथियार और कारतूस मिले। बरामद सामग्री में तुर्की निर्मित 30 बोर की तीन जिगना पिस्तौल, चीन निर्मित एक 30 बोर पिस्तौल, 8 मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस शामिल हैं। सूचना मिलने पर खेमकरण पुलिस भी मौके पर पहुंची और बरामद हथियारों को अपने कब्जे में ले लिया।

थाना प्रभारी कंवलजीत राय के अनुसार मामले में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की यह खेप किसके लिए भेजी गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सीमा पार तस्करी और स्थानीय संपर्कों के संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply