वडोदरा के अलकापुरी में 166.5 करोड़ से बनेगा चार लेन आरओबी

नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने वडोदरा मंडल के अलकापुरी में 166.5 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन वाले रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण को मंजूरी दी है। रेलवे और राज्य सरकार इस परियोजना की लागत बराबर-बराबर वहन करेंगे। नया आरओबी मौजूदा अलकापुरी रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) की जगह अतिरिक्त और बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराएगा।

रेल मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्ष करीब 83.2769-83.2769 करोड़ रुपये का खर्च वहन करेंगे। यह आरओबी वडोदरा रेलवे स्टेशन के आसपास सड़क यातायात को सुगम बनाने के साथ अलकापुरी और कालाघोड़ा क्षेत्रों के बीच संपर्क को मजबूत करेगा।

मौजूदा आरयूबी की ऊंचाई करीब तीन मीटर होने के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। मानसून के दौरान यहां जलभराव की समस्या भी रहती है, जिससे यातायात बाधित होता है।

रेलवे के मुताबिक, क्षेत्र में व्यस्त समय के दौरान यातायात 1,600 से अधिक पीसीयू प्रति घंटे है और कई स्थानों पर यातायात टकराव के बिंदु तथा पैदल यात्रियों के लिए अपर्याप्त सुविधाएं हैं। ऐसे में मौजूदा आरयूबी वर्तमान और भविष्य की यातायात जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं रह गया है।

चार लेन वाला ग्रेड सेपरेटेड आरओबी रेलवे परिचालन को प्रभावित किए बिना बेहतर सड़क क्रॉसिंग सुविधा उपलब्ध कराएगा। इससे वडोदरा रेलवे स्टेशन, जीएसआरटीसी बस स्टेशन और प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल स्टेशन तक संपर्क भी बेहतर होगा।

रेलवे ने कहा कि परियोजना से वडोदरा रेलवे स्टेशन के आसपास सड़क संपर्क मजबूत होगा और मौजूदा आरयूबी की क्षमता तथा कार्यात्मक सीमाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply