एशियाई खेलों में गुजरात का रिकॉर्ड प्रतिनिधित्व, भारत की टीम में चुने गए 9 खिलाड़ी

गांधीनगर, 27 जुलाई (आईएएनएस): जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेलों में इस बार गुजरात से रिकॉर्ड 9 खिलाड़ी और एक रिजर्व खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह एशियाई खेलों के इतिहास में गुजरात का अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व है।

2014 के एशियाई खेलों में जहां गुजरात से केवल तीन खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था, वहीं इस बार यह संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

भारत की टीम में जगह बनाने वाले गुजरात के खिलाड़ियों में निशानेबाज एलावेनिल वलारिवन, टेबल टेनिस खिलाड़ी हरमीत देसाई, मानव ठक्कर और मानुष शाह, सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी अनिकेत पटेल, तैराक आर्यन नेहरा, टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना और वैदेही चौधरी तथा एथलेटिक्स की धाविका देवयानी जाला शामिल हैं। टेनिस खिलाड़ी जिल देसाई को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में चुना गया है।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य में लंबे समय से किए जा रहे खेल विकास के प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा, “तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल महाकुंभ से लेकर शक्तिदूत योजना तक कई ऐसी पहल शुरू कीं, जिनका उद्देश्य गुजरात के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण देना था। आज उन्हीं प्रयासों का परिणाम सामने आ रहा है। गुजरात वैश्विक खेल शक्ति के रूप में उभर रहा है।”

संघवी ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार विश्वस्तरीय खेल संस्कृति और बुनियादी ढांचे के निर्माण पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा, “हम केवल खिलाड़ियों को तैयार नहीं कर रहे हैं, बल्कि ऐसा संपूर्ण खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित कर रहे हैं, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें।”

उन्होंने यह भी बताया कि गुजरात वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारियों में जुटा है। इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल बुनियादी ढांचा तेजी से विकसित किया जा रहा है।

राज्य सरकार के अनुसार, पिछले एक दशक में ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में गुजरात के खिलाड़ियों की भागीदारी लगातार बढ़ी है। निशानेबाजी, टेबल टेनिस, टेनिस, तैराकी, एथलेटिक्स और सॉफ्ट टेनिस जैसे विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों का चयन इस बात का प्रमाण है कि क्रिकेट से आगे बढ़कर भारतीय खेल जगत में गुजरात का योगदान लगातार मजबूत हो रहा है।

Leave a Reply