अजित पवार की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि, सुनेत्रा, सुप्रिया सहित राजनीतिक जगत ने किया भावुक स्मरण

नई दिल्ली/मुंबई/बारामती, 22 जुलाई (आईएएनएस): महाराष्ट्र के दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं उनकी पत्नी एवं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने भी भावुक संदेशों के साथ उन्हें याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “अजित पवार जी की जयंती पर उन्हें स्मरण करता हूं। समाज सेवा और महाराष्ट्र के विकास में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। समाज के सभी वर्गों में उनका सम्मान था। राज्य की एनडीए सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।”

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दूरदर्शी, समावेशी और जनकेंद्रित नेतृत्व के माध्यम से अजित पवार ने महाराष्ट्र के विकास में अमिट योगदान दिया।

अजित पवार की पत्नी और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपने भावुक संदेश में लिखा कि वर्षों तक उन्होंने बड़े उत्साह और खुशी के साथ अपने पति का जन्मदिन मनाया, लेकिन इस बार पहली बार उन्हें इसे ‘जयंती’ के रूप में मनाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “आज भी मेरा मन इस कड़वी सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पा रहा है। जीवन के हर मोड़ पर आप मेरी सबसे बड़ी ताकत थे। आज सब कुछ अचानक खाली-खाली सा लगने लगा है।” उन्होंने कहा कि अजित पवार के विचार, जनता की सेवा का भाव, अनुशासन और स्नेह हमेशा उनके साथ रहेंगे।

सुनेत्रा पवार ने परिवार के सदस्यों के साथ बारामती स्थित अजित पवार के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके भावुक संदेश के बाद राज्यभर में कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने भी अपने बड़े भाई को याद करते हुए कहा, “आज भी ऐसा लगता है कि दादा हमारे बीच ही हैं। कागजों में भले ही आज उनकी जयंती हो, लेकिन हमारे लिए आज भी यह उनका जन्मदिन ही है।” उन्होंने कहा कि अजित पवार का स्नेह, मार्गदर्शन और संरक्षण हमेशा याद आता रहेगा।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “आज का दिन एक आंख में खुशी और दूसरी आंख में आंसू लेकर आया है। अजितदादा की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता। उनके सपनों का समृद्ध महाराष्ट्र बनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।” उन्होंने अजित पवार की प्रशासनिक क्षमता, समय की पाबंदी तथा कृषि, वित्त और सहकारिता क्षेत्र में उनकी गहरी समझ की भी सराहना की।

इस अवसर पर एनसीपी ने 22 से 28 जुलाई तक पूरे महाराष्ट्र में ‘जनसेवा सप्ताह’ मनाने की घोषणा की है। इसके तहत वृक्षारोपण अभियान, रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, कृषि कार्यशालाएं, युवा नेतृत्व प्रशिक्षण, स्वच्छता अभियान और विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

पार्टी के अनुसार, कृषि, सहकारिता, वित्त, उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में अजित पवार के योगदान को स्मरण करते हुए ये कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि अजित पवार का जन्म 22 जुलाई 1959 को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के देवळाली प्रवरा में हुआ था। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख नेताओं में शामिल अजित पवार लंबे समय तक महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे। वर्ष 2026 में उनके निधन के बाद राज्य की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया।

Leave a Reply