मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार बरामद, शीर्ष उग्रवादी गिरफ्तार; 50 किलोग्राम अफीम जब्त

इंफाल, 14 जुलाई (आईएएनएस): मणिपुर में अलग-अलग अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं। साथ ही प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (प्रेपाक) के एक शीर्ष उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा करीब 50 किलोग्राम संदिग्ध अफीम भी जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को मणिपुर पुलिस और 19 गढ़वाल राइफल्स की संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर जिले में म्यांमार और मिजोरम सीमा से सटे के. थेंजांग गांव के जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और युद्ध सामग्री बरामद की गई। बरामद अत्याधुनिक हथियारों की विस्तृत सूची तैयार की जा रही है।

एक अन्य कार्रवाई में इंफाल पूर्व जिले के योराबुंग पंथोइबी लीकाई इलाके से प्रतिबंधित प्रेपाक संगठन के सदस्य निंगोम्बाम अमुथोई मेइती (30) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से आठ शक्तिशाली हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए गए।

वहीं, सेनापति जिले के टी. खुलन क्षेत्र में नाका जांच से बचने के लिए छोड़ी गई एक लावारिस गाड़ी से 49 पैकेटों में रखी करीब 50 किलोग्राम संदिग्ध अफीम बरामद की गई। वाहन से उखरूल जिले के निवासी जेड. रेइथिंगगाम के नाम से जुड़े कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ की कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह अफीम की खेप पड़ोसी देश म्यांमार से मणिपुर लाई गई थी। म्यांमार के उत्तरी क्षेत्र, विशेषकर काचिन और शान राज्य, लंबे समय से अफीम उत्पादन के प्रमुख केंद्र माने जाते हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस बरामदगी को म्यांमार से जुड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही हैं।

इस बीच, राज्यभर में उग्रवाद विरोधी अभियान के तहत घाटी, पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में लगातार तलाशी और क्षेत्र नियंत्रण अभियान चलाए जा रहे हैं। उग्रवादियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए विभिन्न जिलों में कुल 111 नाके और चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं।

इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर आवश्यक वस्तुओं से लदे ट्रकों और अन्य वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बल नियमित रूप से एस्कॉर्ट सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही मणिपुर पुलिस ने लोगों से अफवाहों, फर्जी वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक संदेशों पर विश्वास न करने की अपील की है।

–आईएएनएस

Leave a Reply