मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस): स्वास्थ्य बीमा बेचने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का मुंबई पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मंगलवार को गोवंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही तीन फर्जी कॉल सेंटरों पर छापेमारी कर कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, सोने के सिक्कों सहित करीब 17 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 जून को एक व्यक्ति ने गोवंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि ठगों ने खुद को एचडीएफसी एर्गो (HDFC ERGO) हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उससे संपर्क किया।
शिकायत के मुताबिक, ठगों ने उसे बताया कि उसकी बीमा पॉलिसी पर 1 लाख 53 हजार 825 रुपये का ‘नो क्लेम बोनस’ बकाया है और यह राशि प्राप्त करने के लिए एक विशेष प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद उन्होंने पीड़ित से उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर ऑनलाइन लेनदेन के जरिए 3 लाख 43 हजार रुपये निकाल लिए।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि यह गिरोह मुख्य रूप से एचडीएफसी हेल्थ इंश्योरेंस के ग्राहकों को निशाना बनाता था। विभिन्न स्रोतों से पॉलिसीधारकों का डेटा और सिम कार्ड हासिल कर उनसे संपर्क किया जाता था और फिर धोखाधड़ी कर उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे।
इस मामले में ग्राहकों का डेटा और सिम कार्ड उपलब्ध कराने के आरोप में पुलिस ने तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
मुंबई पुलिस अब पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने लोगों से स्वास्थ्य बीमा से जुड़े किसी भी फोन कॉल या ऑफर को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।
–आईएएनएस
