नई दिल्ली, 5 जुलाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज पूर्व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि राम विलास पासवान ने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि राम विलास पासवान को जनसेवा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राम विलास पासवान का पूरा जीवन गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान राम विलास पासवान ने लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। श्री शाह ने कहा कि लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में राम विलास पासवान का योगदान सदा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राम विलास पासवान ने अपना जीवन सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग और समाज के अन्य वंचित वर्गों के अधिकारों के संघर्ष के लिए समर्पित कर दिया। श्री सिंह ने कहा कि राम विलास पासवान ने हमेशा मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोपरि रखा और यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए कि नीति निर्माण प्रक्रिया समावेशी बनी रहे, ताकि समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी न्याय, अवसर और सम्मान प्राप्त हो सके।
