नई दिल्ली, 2 जुलाई : अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि राज्य में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी आकलन वर्तमान में जारी है और इसके पूरा होने पर केंद्र सरकार को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य आपदा मोचन बल -एसडीआरएफ और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल -एनडीआरएफ के मानदंडों के अनुसार राहत सहायता प्रदान की जाएगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और किरेन रिजिजू के साथ बाढ़ प्रभावित जिलों के हवाई सर्वेक्षण के दौरान आकाशवाणी से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजमार्गों और सड़कों सहित बुनियादी ढांचे को हुए बड़े नुकसान के मामलों में राज्य को केंद्र सरकार से अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता हो सकती है। श्री खांडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और किरेन रिजिजू को अरुणाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने की सलाह दी है।
2026-07-02
