प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गंगटोक में एक भव्य रोड शो में हिस्सा लिया। उनके साथ सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले और राज्य भाजपा अध्यक्ष डी. आर. थापा भी मौजूद थे। पारंपरिक वेशभूषा पहने हजारों की संख्या में लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए एकत्रित हुए। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री सिक्किम की दो दिवसीय यात्रा के दौरान कल पालजोर स्टेडियम में सिक्किम के 50वें राज्य स्थापना दिवस समारोह के समापन समारोह में भाग लेंगे, जहां वे राज्य भर में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शुभारंभ और आधारशिला रखेंगे। ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि क्षेत्र से संबंधित हैं।
