प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर का स्वागत करते हुए इसे दोनों देशों की साझेदारी में एक ऐतिहासिक क्षण बताया है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों की विकास साझेदारी को अभूतपूर्व गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास, साझा मूल्यों और महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समझौते से किसानों, युवाओं, महिलाओं, लघु एवं मध्यम उद्यमों, कारीगरों, स्टार्टअप्स, छात्रों और नवप्रवर्तकों को अत्यधिक लाभ मिलेगा। आगे, उन्होंने कहा कि इस समझौते से विकास के नए रास्ते खुलेंगे, नए अवसर सृजित होंगे और विभिन्न क्षेत्रों में तालमेल गहरा होगा।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि न्यूजीलैंड की ओर से 20 अरब अमरीकी डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता कृषि, विनिर्माण, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करेगी, जिससे दोनों देशों के लिए अधिक समृद्ध और गतिशील भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।
