नईदिल्ली, 25 अप्रैल : सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन कर दिया है। अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री लाहिडी, वर्तमान उपाध्यक्ष सुमन के. बेरी का स्थान लेंगे। श्री लाहिड़ी के साथ सरकार ने राजीव गौबा, प्रोफेसर के.वी. राजू, प्रोफेसर गोबर्धन दास, डॉ. एम.श्रीनिवास और प्रोफेसर अभय करंदीकर को नीति आयोग के पूर्णकालिक सदस्य के रूप में नियुक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नीति आयोग भारत की नीति-निर्माण संरचना में एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में उभरा है। यह सहकारी संघवाद को बढ़ावा देता है, सुधारों को आगे बढ़ाता है और जीवन को सुगम बनाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि नीति आयोग विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और दीर्घकालिक रणनीतिक सोच के लिए एक गतिशील मंच के रूप में कार्य करता है।
नीति आयोग के नव नियुक्त उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की। बैठक के दौरान, श्री मोदी ने श्री लाहिड़ी को उनकी नियुक्ति पर शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अर्थशास्त्र और लोक नीति में श्री लाहिड़ी का व्यापक अनुभव भारत के सुधार और विकसित भारत बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री लाहिड़ी के प्रयासों से देश में नीति निर्माण को नई ऊर्जा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने नीति आयोग के नव नियुक्त पूर्णकालिक सदस्यों को भी शुभकामनाएं दीं।
